मैहर: मध्यप्रदेश के मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के खरमसेड़ा गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन ग्रामीणों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक बैल कुएं में गिर गया था, जिसे बचाने के प्रयास में ग्रामीण एक-एक कर कुएं में उतरे और भीतर मौजूद संदिग्ध जहरीली गैस की चपेट में आने से उनकी दम घुटने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बैल को निकालने के लिए पहले एक ग्रामीण कुएं में उतरा। उसके बाहर नहीं आने पर दो अन्य ग्रामीण भी उसे बचाने के लिए नीचे गए, लेकिन वे भी गैस की चपेट में आ गए। हादसे के दौरान एक अन्य ग्रामीण भी कुएं में उतरा, जो बेहोश हो गया। उसे तत्काल बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
इस हादसे में कृष्ण कुमार यादव (28 वर्ष), वीरेंद्र यादव (47 वर्ष) और राहुल यादव (34 वर्ष) की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अमरपाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आएगी।
