नई दिल्ली: देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार सक्रिय हो रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक मध्य, पश्चिम और उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं कई इलाकों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, ओडिशा, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, केरल, नागालैंड, सिक्किम समेत कुल 18 राज्यों में बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। कई स्थानों पर भारी बारिश के कारण जलभराव और जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
दिल्ली में आज दिनभर बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है।
आईएमडी ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा बिजली गिरने और तेज हवाओं के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
