बहराइच, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन सभागार में वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2 की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में चयनित गांवों में विभिन्न विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
जनपद में वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2 के तहत कुल 34 गांव चयनित किए गए हैं, जिनमें मिहीपुरवा के 31, नवाबगंज के 2 और रिसिया का 1 गांव शामिल है। वहीं, सेचुरेशन योजना के अंतर्गत कुल 301 गांवों को शामिल किया गया है।
समीक्षा के दौरान सीडीओ ने बैठक से अनुपस्थित अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित खंड विकास अधिकारियों को चयनित गांवों के सत्यापन संबंधी सूचना गृह मंत्रालय के पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से अपलोड कराने और निर्धारित प्रारूप में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए कार्ययोजना और प्रस्ताव समय से न देने वाले विभागों पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि चयनित गांवों में विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। जिन कार्यों के लिए विभागीय बजट उपलब्ध नहीं है, उनके प्रस्ताव डीपीआर और इस्टीमेट सहित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2 के तहत तीन दिन के भीतर प्रस्तुत किए जाएं।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विकास कार्यों के लिए आवश्यक सरकारी भूमि का चिन्हांकन संबंधित उपजिलाधिकारियों के समन्वय से कर कार्ययोजना तैयार की जाए। बैठक में एसएसबी, बीएसएनएल, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, सिंचाई, ग्रामीण अभियंत्रण, मत्स्य, पशुपालन, पंचायत राज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
