दतिया: मध्यप्रदेश के दतिया में पुलिस अधीक्षक Mayur Khandelwal ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित कर आमजन की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, साइबर अपराध, घरेलू विवाद, मारपीट समेत विभिन्न मामलों से संबंधित कुल 95 शिकायतें प्राप्त हुईं।
पुलिस अधीक्षक ने सभी आवेदनों के त्वरित, निष्पक्ष और वैधानिक निराकरण के लिए संबंधित एसडीओपी, थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित समय सीमा में जांच पूरी कर आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश भी दिए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला, एसडीओपी तथा विभिन्न थानों के थाना प्रभारी मौजूद रहे।
इसी जनसुनवाई के दौरान एक युवती ने अपने सगे मामा एवं श्री सिद्धिविनायक हॉस्पिटल के संचालक अतुल दीक्षित के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई। युवती ने शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण, दुष्कर्म के प्रयास, फर्जी लोन कराने तथा अपनी दिवंगत मां की पेंशन और जेवर हड़पने जैसे आरोप लगाए हैं।
युवती ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
