बैतूल: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई में आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब नेहरू वार्ड के शारदा क्षेत्र की महिलाओं ने नाली और सड़क निर्माण की मांग को लेकर नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध जताया।
महिलाओं का आरोप है कि वे वर्षों से अपनी समस्या को लेकर नगर पालिका के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिलता है, जबकि नाली और सड़क निर्माण का काम अब तक शुरू नहीं हुआ। उनका कहना है कि नाली नहीं बनने से गंदा पानी सड़कों पर बहता है, जिससे दुर्गंध और गंदगी फैल रही है। वहीं बारिश के दौरान कच्ची सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का आवागमन मुश्किल हो जाता है।
जनसुनवाई के दौरान शिकायत लेकर पहुंची महिलाओं की नगर पालिका के उपयंत्री से तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होती रही, जिससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया।
स्थिति बिगड़ती देख Rajeev Kahar ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस बार भी केवल आश्वासन ही मिला और निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। अब लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है कि जनसुनवाई के बाद उनकी समस्या का समाधान होता है या नहीं।
