दमोह। दमोह सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के चरयाई बाजार में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल चौराहे पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, जैसमिन बंसल (2 वर्ष) पिता कैलाश बंसल, निवासी कैदो की तलैया, सिविल वार्ड क्रमांक-3, चरयाई बाजार, घटना के समय अमर आहूजा के गोदाम के पास मौजूद थी। इसी दौरान तेल से भरा ट्रक खाली करने के बाद रिवर्स हो रहा था, तभी मासूम उसकी चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक तथा उसके चालक को अभिरक्षा में ले लिया। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
मासूम की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल चौराहे स्थित अंबेडकर प्रतिमा के पास चक्काजाम कर दिया। उनका कहना था कि भारी वाहनों का शहर के भीतर प्रवेश प्रतिबंधित किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने मृत बच्ची के परिजनों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की।
सूचना मिलने पर तहसीलदार रॉबिन जैन, कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार, सब इंस्पेक्टर वंदना गौर सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को हरसंभव सहायता और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
