बैतूल। मध्यप्रदेश पुलिस के निर्देशानुसार संचालित SAFE CLICK-2.0 अभियान के तहत बैतूल जिले में साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने का अभियान लगातार जारी है। अभियान के छठवें दिवस पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसी क्रम में आठनेर थाना प्रभारी नरेंद्र परिहार ने नगर परिषद कार्यालय, आठनेर में नगरपालिका अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पत्रकारों को साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों से सतर्क रहने, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी गई।
इसके साथ ही साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा संबंधित ऑनलाइन पोर्टल पर रिपोर्ट करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
अभियान के दौरान “रुको, सोचो, फिर एक्शन लो” का संदेश देते हुए लोगों से हर ऑनलाइन लेन-देन से पहले पूरी सतर्कता बरतने की अपील की गई, ताकि साइबर अपराधियों के मंसूबों को समय रहते नाकाम किया जा सके।
