बुरहानपुर: जिले के निम्बोला थाना क्षेत्र के धूलकोट में एक पेट्रोल पंप पर खड़ी बस की छत से गिरने से एक परिचालक की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं मृतक के परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मृतक गोकुल धूलकोट-बोरी से इंदौर चलने वाली बस में परिचालक के रूप में कार्यरत था। रविवार रात बस धूलकोट स्थित एक पेट्रोल पंप पर खड़ी थी। बताया जा रहा है कि गोकुल बस की छत पर सो रहा था। देर रात अचानक वह छत से नीचे गिर पड़ा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
हालांकि, मृतक के परिजनों का कहना है कि गोकुल की मौत महज हादसा नहीं, बल्कि उसे किसी ने बस की छत से नीचे धक्का दिया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे शव को जिला अस्पताल लाकर पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
