बुरहानपुर में नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। शहर के गुरु सिखर मॉल की बड़ी स्क्रीन पर राहुल गांधी द्वारा विद्यार्थियों के हित में चलाए जा रहे आंदोलन के वीडियो प्रदर्शित किए गए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखे आरोप लगाए और कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य की रक्षा करने में विफल रही है।
गुरु सिख मॉल में बड़ी स्क्रीन पर राहुल गांधी के आंदोलन के दृश्य दिखाए गए। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि देशभर में नीट पेपर लीक से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है, लेकिन केंद्र सरकार ने समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की। नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुरक्षित रखने में असफल रही है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है।
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हमीद काज़ी ने कहा कि राहुल गांधी लगातार विद्यार्थियों के अधिकारों की आवाज़ उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि केंद्र सरकार इस पूरे मामले में जवाबदेही से बच रही है, जबकि देशभर के छात्र निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।
नगर निगम अध्यक्ष अनीता अमर यादव ने कहा कि नीट पेपर लीक से विद्यार्थियों और उनके परिवारों में गहरा आक्रोश है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाएगी और विद्यार्थियों के भविष्य की सुरक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
कांग्रेस ने मांग की है कि नीट पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए और विद्यार्थियों के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।
