दमोह। दमोह जिला जेल में रविवार दोपहर दो बंदियों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान एक एचआईवी पॉजिटिव बंदी के नाखून लगने से दूसरा बंदी घायल हो गया। जेल प्रशासन ने घायल बंदी को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे सागर स्थित आईआरटीसी (ART Centre) रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, घायल बंदी की पहचान दीपक सोनी के रूप में हुई है, जो धारा 307 के मामले में 10 वर्ष की सजा काट रहा है और वर्तमान में जिला जेल में निरुद्ध है। वहीं दूसरा बंदी, जिसे एचआईवी पॉजिटिव बताया गया है, धारा 25 एवं 27 के मामले में जेल में बंद है।
जेल उपाधीक्षक एम.एल. पटेल ने बताया कि रविवार दोपहर एचआईवी पॉजिटिव बंदी हंगामा कर रहा था। उसे शांत कराने के दौरान दीपक सोनी ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर प्रहरियों को बैरक में भेजा गया। जब प्रहरी दीपक सोनी को वहां से बाहर ला रहे थे, उसी दौरान दूसरे बंदी का नाखून उसे लग गया। बाद में बंदी का रिकॉर्ड देखने पर पता चला कि वह एचआईवी पॉजिटिव है।
इसके बाद एहतियात के तौर पर घायल बंदी को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सागर स्थित आईआरटीसी रेफर कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक चिकित्सीय और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
