बुरहानपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। शुक्रवार शाम ग्राम घाघरला और डालमहू के बीच स्थित पुल पर तेज बहाव के साथ पानी ऊपर से गुजरने लगा, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया। इसके बावजूद कई ग्रामीण और राहगीर जान जोखिम में डालकर उफनते पानी के बीच पुल पार करते नजर आए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में यह समस्या हर वर्ष सामने आती है। पुल की ऊंचाई कम होने के कारण थोड़ी सी तेज बारिश में ही पानी पुल के ऊपर से बहने लगता है, जिससे दोनों गांवों सहित आसपास के क्षेत्रों का संपर्क कई घंटों तक कट जाता है।
ग्रामीण हरिओम ने बताया कि सड़क का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन पुल की ऊंचाई पर्याप्त नहीं बढ़ाई गई। परिणामस्वरूप हर वर्ष बारिश के दौरान बाढ़ जैसे हालात बन जाते हैं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों के अनुसार, मजबूरी में लोगों को या तो पानी उतरने का घंटों इंतजार करना पड़ता है या फिर जान जोखिम में डालकर पुल पार करना पड़ता है। इस स्थिति से स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को सबसे अधिक दिक्कत होती है।
ग्रामीण नेमीदास का कहना है कि यदि पुल की ऊंचाई लगभग पांच फीट बढ़ा दी जाए तो बारिश का पानी आसानी से नीचे से निकल सकेगा और पुल पर जलभराव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। उनका यह भी कहना है कि वर्तमान पुल काफी पुराना और जर्जर हो चुका है। नए सड़क मार्ग के निर्माण के बावजूद पुराने पुल का पुनर्निर्माण नहीं किया गया और केवल मरम्मत कर उसका उपयोग जारी रखा गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पुराने पुल के स्थान पर नया, मजबूत और ऊंचा पुल बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
फिलहाल, उफनते नाले के बीच जोखिम उठाकर पुल पार करते ग्रामीणों के दृश्य स्थानीय स्तर पर चिंता का विषय बने हुए हैं और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं।
