बड़वानी। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बड़वानी जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से शहर में विशाल फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में निकले इस मार्च के माध्यम से आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ ही असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया गया।
फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एजेके डीएसपी नीलेश्वरी डावर, तहसीलदार बड़वानी, नगर पालिका सीएमओ सहित जिले के कई प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहे। इसके अलावा थाना प्रभारी कोतवाली बलजीत सिंह, रक्षित निरीक्षक और लगभग 150 पुलिस जवानों ने मार्च में भाग लिया।
यह फ्लैग मार्च शहर के मुख्य बाजारों, पारंपरिक जुलूस मार्गों तथा संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों से होकर गुजरा। अधिकारियों ने मार्ग का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से त्योहारों को भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मोहर्रम सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। पूरे जुलूस मार्ग और प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
अधिकारियों ने कहा कि बड़वानी जिला प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। फ्लैग मार्च के दौरान शहरवासियों ने भी पुलिस और प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया।
मोहर्रम पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा किए जा रहे व्यापक सुरक्षा इंतजामों से शहर में शांति और सौहार्द का संदेश दिया गया है।
