बैतूल। जिले के शाहपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत गुवाड़ी के ग्राम डेंडूपुरा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में सामाजिक सहयोग की एक प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली। लंबे समय से बैठने की पर्याप्त व्यवस्था के अभाव में जमीन पर बैठकर पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को अब राहत मिल गई है। रेत कारोबारी अरशद कुरैशी ने विद्यालय को 30 नई बेंच-डेस्क भेंट कर बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया है।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय में पर्याप्त फर्नीचर नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं को जमीन पर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती थी। इस समस्या को देखते हुए अरशद कुरैशी ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए विद्यालय को 30 नई बेंच-डेस्क उपलब्ध कराईं, जिससे करीब 60 विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नई बेंच-डेस्क मिलने पर बच्चों और शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब उन्हें अधिक सुविधा और आरामदायक वातावरण में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर परम डिस्ट्रीब्यूटर रेत कंपनी के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक योगदान बताया।
ग्रामीणों और विद्यालय परिवार ने कहा कि समाज के सक्षम लोगों द्वारा शिक्षा के लिए किया गया सहयोग बच्चों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस तरह के प्रयास न केवल विद्यार्थियों की सुविधाएं बढ़ाते हैं, बल्कि उन्हें बेहतर शिक्षा प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित करते हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने अरशद कुरैशी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिलेगा और विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं में भी सुधार होगा।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि समाज के अन्य लोग भी इसी प्रकार शिक्षा और सामाजिक विकास के कार्यों में योगदान दें, तो ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों की तस्वीर बदल सकती है।
