Parking Dispute Turns Violent In Bahraich, Youth Shot And Accused Arrested
बहराइच। जिला एवं सत्र न्यायालय के सामने बाइक खड़ी करने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक युवक ने कथित रूप से अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी, जिससे दूसरे युवक को गोली लग गई। घायल युवक को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, नगर कोतवाली क्षेत्र के खत्रीपुरा स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय के पास बाइक खड़ी करने को लेकर दो युवकों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि एक युवक ने गुस्से में अवैध असलहे से फायरिंग कर दी।
गोली लगने से कानूनगोपुरा निवासी 28 वर्षीय फरीद उर्फ सलमान पुत्र खैराती गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी की पहचान करने में सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, फायरिंग करने वाले आरोपी की पहचान खत्रीपुरा निवासी शौर्य प्रताप सिंह पुत्र केशव प्रताप सिंह के रूप में हुई है। घायल युवक के भाई की तहरीर पर कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया।
एसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि बाइक खड़ी करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी शौर्य प्रताप सिंह ने अवैध असलहे से फायरिंग कर दी, जिससे फरीद उर्फ सलमान के बाएं हाथ में गोली लगी।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध असलहा भी बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
