Brother And Sister Drown In River During Visit To Grandmother’s Home
शाहजहांपुर। जनपद के जैतीपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में सगे भाई-बहन की नदी में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे अपने परिवार के साथ नानी के घर दावत में शामिल होने आए थे। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, जैतीपुर थाना क्षेत्र के गांव कुलुआ बोझी में 14 वर्षीय विजय और उसकी 9 वर्षीय बहन किंजल अपने परिजनों के साथ नानी के घर आए हुए थे। रविवार दोपहर दोनों भाई-बहन गांव के अन्य बच्चों के साथ बहेगुल नदी में नहाने चले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहाने के दौरान किंजल अचानक नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गई और डूबने लगी। बहन को बचाने के लिए विजय ने भी नदी में छलांग लगा दी, लेकिन वह भी गहरे पानी में फंस गया। देखते ही देखते दोनों भाई-बहन पानी में डूब गए।

घटना को देख वहां मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। ग्रामीणों और पुलिस ने संयुक्त प्रयास कर दोनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतक बच्चों के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार खुशी के माहौल में दावत के लिए नानी के घर आया था, लेकिन यह खुशी कुछ ही पलों में मातम में बदल गई। एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
