Tiger Kills Youth In Bandhavgarh, Second Attack Reported Within 24 Hours
उमरिया। उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बाघ के हमले की एक और घटना सामने आई है। पनपथा कोर रेंज के कुदरी क्षेत्र में बाघ के हमले से एक युवक की मौत हो गई। पिछले 24 घंटों के भीतर यह दूसरी घटना है, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक जंगल के भीतर चला गया था, जहां बाघ ने उस पर हमला कर दिया। हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ था और अक्सर बिना बताए इधर-उधर चला जाता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के बाद भी बाघ शव के पास ही मौजूद रहा। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति पर नजर रखी। बाघ को घटनास्थल से दूर हटाने के लिए हाथियों की मदद से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
वन विभाग के अधिकारी लगातार क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं और सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है।
गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में शुक्रवार को भी एक महिला पर बाघ ने हमला किया था। लगातार हो रही घटनाओं ने वन क्षेत्र से लगे गांवों के लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
वन विभाग का कहना है कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। टीम बाघ की गतिविधियों का पता लगाने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।
फिलहाल मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है, जबकि पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
