Woman And 12-Year-Old Girl Killed In Lightning Strike In Chandauli
चंदौली। चंदौली जिले के चकिया क्षेत्र में शनिवार को मौसम का बदला मिजाज एक परिवार के लिए भारी पड़ गया। धनावल गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला और 12 वर्षीय बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान गांव निवासी रूबी (35 वर्ष) और लक्ष्मी (12 वर्ष) गांव के बगीचे में आम बीनने गई थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों आम इकट्ठा कर रही थीं, तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और दोनों उसकी चपेट में आ गईं। बिजली गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दिए जाने के बाद राजस्व और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
चकिया तहसीलदार देवेंद्र ने मौके का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा राजस्व विभाग से घटना की रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, शासन की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस दुखद घटना ने एक बार फिर खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने के खतरों को उजागर कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से आंधी-तूफान और बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
