Pichhore Police Seize 63 Litres Of Illegal Liquor, Accused Arrested
शिवपुरी। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछोर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 63 लीटर देशी प्लेन शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। साथ ही शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार भी जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले तथा एसडीओपी प्रशांत शर्मा के निर्देशन में थाना पिछोर पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने भरतपुर तिराहा रनोद-पिछोर रोड पर घेराबंदी कर एक सफेद रंग की अल्टो कार क्रमांक MP 33 C 7684 को रोका और उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट से पांच पेटियां और डिक्की से दो पेटियां देशी प्लेन शराब बरामद हुईं। कुल सात पेटियों में 350 क्वार्टर शराब रखी हुई थी, जिसकी कुल मात्रा 63 लीटर पाई गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 28 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान शिवराज पुत्र हुकुम सिंह गौर (45 वर्ष), निवासी ग्राम भंगवा, थाना पिछोर के रूप में बताई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही लगभग 2 लाख रुपये मूल्य की अल्टो कार भी जब्त कर ली गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पिछोर में अपराध क्रमांक 283/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
