8-Year-Old Boy Dies Due To Electrocution In Jabalpur Village
जबलपुर। जिले के गौर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुड़रिया गौर गांव में एक दर्दनाक हादसे में 8 वर्षीय मासूम की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई है।
जानकारी के अनुसार, कुड़रिया गौर गांव निवासी 8 वर्षीय श्लोक कनौजिया घर के पीछे खेल रहा था। इसी दौरान वहां लगे बिजली के खंभे के स्टे तार में करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से मासूम गंभीर रूप से झुलस गया।
परिजन तत्काल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली व्यवस्था में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। उनका कहना है कि यदि समय रहते बिजली विभाग द्वारा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जातीं तो एक मासूम की जान बचाई जा सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही गौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मासूम की असमय मौत से गांव में गहरा शोक व्याप्त है और ग्रामीण जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
