नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में वर्ष 2026-27 का आम बजट पेश किया। इस बजट में महिलाओं के सशक्तिकरण को विशेष प्राथमिकता दी गई है। हर साल की तरह इस बार भी महिलाओं के लिए कई अहम घोषणाएं की गईं। आइए जानते हैं बजट 2026 में महिलाओं को कौन-कौन सी खास सौगातें मिलीं।
लखपति दीदी योजना
केंद्र सरकार ने लखपति दीदी योजना को जारी रखने की घोषणा की है। इस योजना के तहत महिलाओं से जुड़े स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक का ब्याज रहित ऋण दिया जाता है। इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इस ऋण पर सरकार की ओर से सब्सिडी भी प्रदान की जाती है।
‘शी मार्ट्स’ की घोषणा
लखपति दीदी योजना की सफलता के बाद केंद्र सरकार ने ‘शी मार्ट्स’ (She MARTS) शुरू करने की घोषणा की है। ये मार्ट्स स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला उद्यमियों द्वारा संचालित किए जाएंगे और रिटेल आउटलेट के रूप में काम करेंगे।
इस योजना का मकसद महिला उद्यमियों को बड़े बाजारों तक पहुंच दिलाना है, जिससे वे अपने उत्पादों का ब्रांड बना सकें और बेहतर मुनाफा कमा सकें। इससे स्थानीय स्वयं सहायता समूहों को भी मजबूती मिलेगी।
गर्ल्स हॉस्टल
बजट में छात्राओं के लिए भी एक अहम घोषणा की गई है। वित्त मंत्री ने देश के प्रत्येक जिले में गर्ल्स हॉस्टल स्थापित करने की घोषणा की है। इसके तहत देश के 700 से अधिक जिलों में छात्राओं के रहने के लिए गर्ल्स हॉस्टल की आधारशिला रखी जाएगी।
