Filmy-Style Assault Case Cracked, Bamitha Police Arrest Key Accused
छतरपुर। छतरपुर जिले की बमीठा पुलिस ने फिल्मी अंदाज में एक युवक पर हमला कर फरार हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों ने स्कॉर्पियो वाहन से पहुंचकर युवक के साथ सरेआम मारपीट की थी, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
जानकारी के अनुसार, नयागांव निवासी रमेश रैकवार पर फोरलेन के पास कुछ युवकों ने काले रंग की स्कॉर्पियो से पहुंचकर हमला कर दिया था। आरोपियों ने युवक की बेरहमी से पिटाई की और घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर बमीठा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी बाल्मीक चौबे के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सत्यम सिंह, शिवम, नाती राजा और ध्रुव राजा को भी हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
बमीठा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
