Under-Construction Bridge Collapses In Hamirpur, 6 Workers Killed In Major Accident
उत्तर प्रदेश: के हमीरपुर जिले में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि मलबे में फंसे तीन अन्य मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद प्रशासन और राहत एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, कुरारा थाना क्षेत्र में कंडौर-मोराकांदर के बीच बेतवा नदी पर पुल निर्माण का कार्य चल रहा था। देर रात अचानक तेज आंधी और तूफान के दौरान पुल की सटरिंग भरभराकर गिर गई। इसके साथ ही स्लैब और पुल की कोठी भी ध्वस्त हो गई, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौसम विभाग की ओर से आंधी और बारिश का अलर्ट जारी होने के बावजूद निर्माण कार्य जारी था। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एसडीएम, सीओ समेत कई थानों की पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनें लगाई गईं, जबकि SDRF की टीम ने भी मोर्चा संभालते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
प्रशासन ने अब तक 6 मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। वहीं, मलबे में दबे तीन मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मलबे की पूरी जांच के बाद मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी भी हो सकती है।
घटना के बाद निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था और मौसम अलर्ट के बावजूद काम जारी रखने को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
फिलहाल मौके पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
