Tragic Accident In Andhra Pradesh: Three Children Drown In Farm Pond
आंध्र प्रदेश: के श्री सत्यसाई जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां फॉर्म पांड में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है।
यह घटना जिले के पेनुगोंडा क्षेत्र के रॉड्डम मंडल स्थित नारी नागेपल्ली गांव की है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी कल्पना और अजय रेड्डी के बेटे सुगुणाकर रेड्डी (12) और धनुष रेड्डी (10) तथा श्रीदेवी का बेटा सुदर्शन रेड्डी दोपहर के समय जामुन खाने के लिए गांव के पास खेतों की ओर गए थे।
बताया जा रहा है कि जामुन खाने के बाद तीनों बच्चे पास में बने फॉर्म पांड में उतर गए। तैरना नहीं आने के कारण वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण बच्चों को समय पर बचाया नहीं जा सका।
कुछ देर बाद बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान तीनों बच्चों को फॉर्म पांड से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे जलाशयों के आसपास सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।
इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
