42 Silver Coins Found During Excavation In Damoh, Workers Allege 35 Kg Treasure Hidden
दमोह: शहर के फुटेरा वार्ड नंबर-3 में निर्माणाधीन मकान की खुदाई के दौरान चांदी के पुराने सिक्के मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामला शासकीय शिक्षक आलोक सोनी के पैतृक मकान का है, जहां पिलर की खुदाई करते समय मजदूरों को ब्रिटिश कालीन चांदी के सिक्के मिले।
सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रशासन और पुरातत्व विभाग की टीम ने पहुंचकर जांच शुरू की। अब तक कुल 42 चांदी के सिक्के बरामद किए गए हैं। हालांकि, मजदूरों ने दावा किया है कि खुदाई के दौरान एक बाल्टी भरकर करीब 35 किलो चांदी के सिक्के निकले थे, जिन्हें मकान मालिक ने छिपा लिया।
मजदूर मनोहर पटेल ने आरोप लगाया कि सिक्के मिलने के बाद उन्हें केवल 500 रुपये देकर वहां से भेज दिया गया। मामले की जानकारी मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार, तहसीलदार रॉबिन जैन, रघुनंदन चतुर्वेदी और पुरातत्व विभाग के संरक्षण सहायक शुभम अरजरिया मौके पर पहुंचे।
पुरातत्व विभाग के अनुसार बरामद सिक्के 18वीं और 19वीं शताब्दी के ब्रिटिश काल के हैं। सिक्कों पर महारानी विक्टोरिया और जॉर्ज पंचम की आकृतियां बनी हुई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी है।
