Youth Dies After Falling From Mobile Tower Amid Land Dispute
जौनपुर: Jaunpur के बक्शा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक युवक की दर्दनाक मौत से सनसनी फैल गई। राजस्व विभाग की कार्रवाई से नाराज युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। घंटों चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद युवक संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर पड़ा, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना बक्शा थाना क्षेत्र के उतरेजपुर गांव की है। मृतक की पहचान श्रीप्रकाश यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी जमीन की दोबारा पैमाइश और पत्थर गड्डी की मांग को लेकर शुक्रवार सुबह गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गए थे।
सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने युवक को नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़े रहे। इसी दौरान प्रशासन की ओर से मौके पर जमीन की नापी का कार्य भी शुरू कराया गया।
करीब दोपहर दो बजे अचानक श्रीप्रकाश यादव टावर से नीचे गिर पड़े। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और पुलिस अधीक्षक जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। जिलाधिकारी ने मामले की जांच के लिए एडीएम के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी अधिकारी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मृतक के भाई जयशंकर यादव का आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर वर्ष 2016 से मामला एसडीएम कोर्ट में चल रहा था। उनका कहना है कि वर्ष 2019 में गलत तरीके से जमीन की पैमाइश कर पत्थर गड्डी कर दी गई थी। इसके बाद से परिवार लगातार दोबारा सही पैमाइश की मांग कर रहा था, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
परिजनों का आरोप है कि विपक्षी पक्ष के प्रभाव के कारण प्रशासन ने उनकी शिकायतों को नजरअंदाज किया। इसी तनाव के चलते श्रीप्रकाश यादव ने यह कदम उठाया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
