Son Brutally Beats Mother Over Liquor Money in Bahraich
बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली नानपारा क्षेत्र के इटहा गांव में शराब के लिए पैसे न मिलने पर एक बेटे ने अपनी बुजुर्ग मां की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोप है कि आरोपी बेटे ने मां को बेल्ट और लात-घूंसों से इतना पीटा कि बेल्ट तक टूट गई।
परिवार के मुताबिक आरोपी सुशील ने अपनी मां सोना देवी से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। जब मां ने पैसे देने से इनकार किया तो वह गुस्से में आगबबूला हो गया और मारपीट शुरू कर दी।
बहू सावित्री देवी ने बताया कि पहले सुशील ने अपनी मां को लात-घूंसों से पीटा, फिर बेल्ट निकालकर हमला करने लगा। वह लगातार मारता रहा और तब रुका जब बेल्ट टूट गई।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बुजुर्ग महिला को आरोपी के चंगुल से बचाया। मारपीट में महिला को गंभीर चोटें आई हैं।
सूचना मिलने पर नानपारा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए भेजा गया। पुलिस ने महिला के पति की शिकायत पर आरोपी बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
