Rajinikanth Reacts to Rumours About CM Vijay
चेन्नई: साउथ सुपरस्टार रजनीकांत ने तमिलनाडु की राजनीति को लेकर फैल रही अफवाहों पर आखिरकार चुप्पी तोड़ दी है। रविवार को चेन्नई स्थित अपने घर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए रजनीकांत ने साफ कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री बने विजय से कोई जलन नहीं है और उनके बारे में गलत बातें फैलाई जा रही हैं।
दरअसल तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कज़गम (TVK) ने बड़ी जीत हासिल की है। चुनाव नतीजों के बाद सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि रजनीकांत इस जीत से खुश नहीं हैं और विजय के मुख्यमंत्री बनने से नाराज हैं।
इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए रजनीकांत ने कहा, “मेरा स्तर इतना गिरा नहीं है कि मैं किसी की सफलता से जलूं। विजय के मुख्यमंत्री बनने की खबर सुनकर मुझे आश्चर्य जरूर हुआ, लेकिन खुशी भी उतनी ही हुई।”
उन्होंने कहा कि कुछ लोग अफवाह फैला रहे हैं कि उन्होंने विजय को बधाई नहीं दी, जबकि चुनाव परिणाम आने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर विजय और उनकी पार्टी को जीत की शुभकामनाएं दी थीं।
रजनीकांत ने यह भी साफ किया कि उनका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “अगर कमल हासन मुख्यमंत्री बनते तो शायद मुझे जलन होती, लेकिन विजय से क्यों होगी? हमारे बीच 25 साल का पीढ़ीगत अंतर है।”
स्टालिन से मुलाकात पर दी सफाई
प्रेस कॉन्फ्रेंस में रजनीकांत ने डीएमके नेता एमके स्टालिन से अपनी मुलाकात को लेकर भी सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी और स्टालिन की दोस्ती राजनीति से ऊपर है। कुलाथुर सीट से स्टालिन की हार से उन्हें व्यक्तिगत तौर पर दुख हुआ था, इसलिए वे उनसे मिलने गए थे।
विजय की जमकर तारीफ
रजनीकांत ने विजय की राजनीतिक सफलता की तारीफ करते हुए कहा कि 52 साल की उम्र में उन्होंने वह मुकाम हासिल किया है, जिसे एमजीआर और एनटीआर जैसे दिग्गज नेताओं ने भी इतनी जल्दी हासिल नहीं किया था। उन्होंने कहा कि विजय ने बीजेपी और राज्य की बड़ी पार्टियों का मुकाबला कर जीत हासिल की, जो बेहद बड़ी बात है।
शपथ ग्रहण में न जाने पर क्या बोले?
विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल न होने को लेकर उठे सवालों पर रजनीकांत ने कहा कि वह कभी किसी मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा, “क्या आपने मुझे पहले किसी शपथ ग्रहण समारोह में देखा है?”
फिल्म ‘जननायकन’ लीक होने पर भी जताई नाराजगी
रजनीकांत ने विजय की फिल्म ‘जननायकन’ के ऑनलाइन लीक होने की घटना पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि फिल्म लीक होना बेहद दुखद है और सरकार को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
