Administration Inspects Firecracker Warehouses in Betul
बैतूल: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पटाखा गोदामों और फायर वर्क्स दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया। कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे के निर्देश पर एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह और एसडीओपी सुनील लाटा ने बैतूल क्षेत्र में संचालित पटाखा गोदामों और लाइसेंसी दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पटाखों के भंडारण, सुरक्षा मानकों, अग्निशमन उपकरणों और जरूरी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। प्रशासन की टीम ने लाइसेंस, अनुमति पत्र और फायर एक्सटिंग्विशर की उपलब्धता के साथ उनकी वैधता भी परखी।
इसके अलावा गोदामों में विद्युत व्यवस्था और आग से बचाव के इंतजामों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त नाराजगी जताई।
एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह ने निर्देश दिए कि सभी गोदामों के आसपास मजबूत बाउंड्री वॉल बनाई जाए, सूखी घास और झाड़ियों की नियमित सफाई कराई जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
प्रशासन ने साफ कहा है कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के बाद पटाखा कारोबारियों में भी सतर्कता बढ़ गई है।
