Allegations of Liquor Sales at 'Model Shop' Even After 10 PM; Video Goes Viral
आबकारी विभाग के निर्धारित समय और सख्त निर्देशों के बावजूद जिले में देर रात शराब बिक्री का मामला सामने आया है। शहर के रोडवेज बस स्टैंड के पास स्थित एक मॉडल शॉप पर रात 10 बजे के बाद भी शराब बेचे जाने के आरोप लगे हैं। इस मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे विभागीय व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मॉडल शॉप का मुख्य गेट बंद होने के बाद साइड गेट के जरिए ग्राहकों को शराब उपलब्ध कराई जाती है। इतना ही नहीं, कुछ लोगों ने ओवररेट पर शराब बिक्री का भी आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि देर रात तक ग्राहकों की आवाजाही जारी रहती है और निर्धारित समय सीमा का पालन नहीं किया जाता।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि संबंधित मॉडल शॉप पहले भी कई बार विवादों और चर्चाओं में रह चुकी है। आरोप है कि देर रात बिक्री की यह व्यवस्था लंबे समय से जारी है, लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अब लोगों की निगाहें आबकारी विभाग पर टिकी हैं। देखना होगा कि विभाग वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर जांच करता है या नहीं और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित मॉडल शॉप के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
