PM Modi in Netherlands for Trade and Defence Talks
एम्सटर्डम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के दूसरे चरण में नीदरलैंड पहुंच गए हैं। इस यात्रा का मकसद व्यापार, टेक्नोलॉजी, इनोवेशन और ग्रीन ग्रोथ के क्षेत्र में भारत और नीदरलैंड के रिश्तों को और मजबूत करना है। इससे पहले पीएम मोदी UAE दौरे पर थे, जहां ऊर्जा और रक्षा क्षेत्र से जुड़े कई अहम समझौते हुए।
द हेग पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का भारतीय समुदाय और स्थानीय कलाकारों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी की यह यात्रा डच प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के निमंत्रण पर हो रही है।
शनिवार को पीएम मोदी और डच प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के बीच द्विपक्षीय बातचीत होगी। इसके अलावा पीएम मोदी नीदरलैंड के किंग विलेम-अलेक्जेंडर और क्वीन मैक्सिमा से भी मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान रक्षा, व्यापार, सेमीकंडक्टर, ग्रीन हाइड्रोजन, जल प्रबंधन और सप्लाई चेन जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री मोदी की नीदरलैंड के बड़े बिजनेस लीडर्स से भी मुलाकात हो सकती है। वहीं, पीएम मोदी वहां रह रहे भारतीय समुदाय को भी संबोधित कर सकते हैं।
पीएम मोदी का यह दूसरा नीदरलैंड दौरा है। इससे पहले उन्होंने साल 2017 में यहां का दौरा किया था। माना जा रहा है कि इस बार की यात्रा दोनों देशों के रणनीतिक और आर्थिक रिश्तों को नई मजबूती दे सकती है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि पीएम मोदी का यह दौरा भारत-नीदरलैंड साझेदारी को और मजबूत करेगा और यूरोप में बसे भारतीय समुदाय से जुड़ने का बड़ा मौका साबित होगा।
विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत और नीदरलैंड के बीच व्यापार, निवेश, टेक्नोलॉजी, रक्षा, सेमीकंडक्टर, शिक्षा और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में सहयोग तेजी से बढ़ा है।
नीदरलैंड में 90 हजार से ज्यादा भारतीय और भारतीय मूल के लोग रहते हैं। इसके अलावा करीब 2 लाख सूरीनाम-हिंदुस्तानी समुदाय के सदस्य भी वहां मौजूद हैं। वहीं, करीब 3,500 भारतीय छात्र नीदरलैंड की अलग-अलग यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे हैं।
