Firing Over Old Money Dispute in Gwalior, Threats Issued on Social Media
ग्वालियर: के हजीरा थाना क्षेत्र स्थित गोपाल नगर गदाईपुरा में पुरानी पैसों की रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। एक्टिवा सवार बदमाशों ने एक घर के बाहर अवैध कट्टे से फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सामने आया है।
पीड़ित राहुल पटेल ने हजीरा थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि हर्षवर्धन कोरी उर्फ चीकू और सूरज गुर्जर ने पुराने पैसों के विवाद के चलते उनके घर के बाहर आकर फायरिंग की। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि स्कूटी सवार बदमाश घर के बाहर पहुंचते हैं और फायरिंग कर तेजी से भाग निकलते हैं। शिकायत दर्ज होने के बाद मामला और गंभीर हो गया, जब मुख्य आरोपी हर्षवर्धन कोरी ने सोशल मीडिया पर खुलेआम धमकी दी। उसने लिखा— “तू मरेगा मेरे हाथों से, याद रखियो, रात में फिर आएंगे।”
इस धमकी के बाद पीड़ित और उसका परिवार दहशत में है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फायरिंग और धमकी दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है। हजीरा थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
