Anuppur Police Attack Case Solved: 3 Accused Arrested, Looted Service Revolver Recovered
मध्य प्रदेश: के Anuppur जिले के सरई चौकी क्षेत्र में पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले और सर्विस रिवाल्वर लूट के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज चार दिन में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई सर्विस रिवाल्वर और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
घटना 21 अप्रैल 2026 की बताई जा रही है, जब पुलिस को सूचना मिली कि तीन संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से बकरी चोरी कर फरार हो रहे हैं। सूचना पर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मंगला दुबे और प्रधान आरक्षक राम प्रसाद मरावी मौके पर पहुंचे और घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही आरोपी बकरी को सड़क पर छोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर उन्होंने अचानक पुलिस टीम पर हमला कर दिया। एक आरोपी ने कुल्हाड़ी से उपनिरीक्षक के सिर पर वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया, जबकि अन्य ने पत्थरों से हमला कर प्रधान आरक्षक को भी घायल कर दिया। इसी दौरान आरोपी चौकी प्रभारी की सर्विस पिस्टल लूटकर जंगल की ओर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी पुष्पराजगढ़ के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से 25 अप्रैल को किरर के जंगल में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान त्वॉय खान (29), हसन खान (24) और एक नाबालिग के रूप में हुई, जो मैहर जिले के बदेरा थाना क्षेत्र के ग्राम भदनपुर के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई सर्विस पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिए हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस घटना में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ी सफलता जरूर मिली है, लेकिन पुलिस टीम पर हुए हमले ने कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं।
