Rajgarh Robbery in 3 Seconds: Jeweller Chases Accused 200m, One Caught, Four Arrested
मध्य प्रदेश: के Rajgarh जिले में सराफा व्यापारी से महज 3 सेकंड में लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यह घटना खिलचीपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 की है, जहां दो नकाबपोश बदमाशों ने घर के बाहर व्यापारी से बैग छीन लिया।
जानकारी के अनुसार, सराफा व्यापारी देवेंद्र गुप्ता (उर्फ सोनू सर्राफ) बुधवार रात करीब 8:30 बजे अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे घर के गेट तक पहुंचे, पहले से घात लगाए बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, रात 8:31:23 पर व्यापारी गेट पर पहुंचे और 8:31:26 पर बदमाश बैग छीनकर फरार हो गए। पूरी वारदात महज 3 सेकंड में अंजाम दी गई। बैग में दुकान की चाबियां और करीब 26,500 रुपये नकद थे।
घटना के बाद व्यापारी ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत बदमाश का पीछा किया। दौड़ते समय वे एक बार गिर भी पड़े, लेकिन फिर उठकर करीब 200 मीटर तक आरोपी के पीछे दौड़ते रहे। ‘चोर-चोर’ की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी सक्रिय हो गए और वार्ड नंबर 07 की बड़ी गली में आरोपी को घेर लिया।
घिरते देख आरोपी पंकज सुमन ने जेब से चाकू निकालने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान पंकज सुमन निवासी कुकलवाड़ा, जिला झालावाड़ (राजस्थान) के रूप में हुई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने देर रात उसके तीन अन्य साथियों—नवीन मालाकार, राहुल मालाकार और आकाश मालाकार—को भी गिरफ्तार कर लिया। इनमें से कुछ आरोपियों को एक शादी समारोह से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी कई दिनों से व्यापारी की रेकी कर रहे थे और उन्हें शक था कि वह रोज गहने लेकर घर आता है। इसी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया गया।
थाना प्रभारी कमल सिंह गहलोत ने बताया कि मामले में राजस्थान और स्थानीय कनेक्शन की जांच जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।
इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं व्यापारी की सूझबूझ और साहस की भी सराहना हो रही है।
