Two Terror Suspects Arrested in Noida, Linked to ISI; Major Plot Foiled
उत्तर प्रदेश: एटीएस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नोएडा से दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है और संभावित आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में बागपत निवासी तुषार चौहान उर्फ हिजबुल्ला अली खान और दिल्ली निवासी समीर खान शामिल हैं। दोनों की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है।
एटीएस के अनुसार, दोनों आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए काम कर रहे थे और पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े हुए थे। इसके अलावा इनके संपर्क आबिद जट समेत कई हैंडलर्स से भी थे।
आरोपियों के पास से पिस्टल, कारतूस, चाकू और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि उन्हें संवेदनशील स्थानों की रेकी करने और प्रभावशाली लोगों के घरों पर ग्रेनेड फेंकने जैसे गंभीर टास्क दिए गए थे।
एटीएस का दावा है कि दोनों आरोपी एक स्लीपर सेल भी तैयार कर चुके थे और उन्हें आतंकी गतिविधियों के लिए पैसों का लालच दिया गया था। प्रारंभिक तौर पर 50 हजार रुपये एडवांस और ढाई लाख रुपये देने का वादा किया गया था।
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपियों का संपर्क सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुआ था। बंद आईडी के बाद उन्होंने दोबारा अकाउंट बनाकर संपर्क बनाए रखा और वॉइस व वीडियो कॉल के जरिए बातचीत करते थे।
उन्हें दुबई के रास्ते पाकिस्तान बुलाने का भी लालच दिया गया था। साथ ही कुछ कट्टरपंथी यूट्यूब चैनलों के जरिए भी उन्हें प्रभावित किया गया।
फिलहाल एटीएस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई को देश की सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
