Public Protest Erupts in Saikheda Over Alleged Corruption, Demand for Fair Probe
मध्य प्रदेश: के Narsinghpur जिले के साईंखेड़ा नगर परिषद में कथित भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं और घटिया निर्माण कार्यों के विरोध में नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा है। जनपद कार्यालय के पास बड़ी संख्या में लोग धरने पर बैठ गए और निष्पक्ष जांच व दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय नागरिकों, पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में यह आंदोलन शुरू किया गया, जिसमें विकास कार्यों में करोड़ों रुपये की अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नगर में चल रहे कई निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता किया गया है।
धरने के दौरान 2 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे बस स्टैंड और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की गुणवत्ता जांच की मांग उठाई गई। इसके साथ ही मुक्तिधाम, नगर परिषद भवन, तालाब और नाले के निर्माण कार्यों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने नगर के तालाब नरहरियानंद के संरक्षण, सड़क निर्माण की गुणवत्ता जांच, नगर परिषद की दुकानों के पारदर्शी आवंटन और प्रधानमंत्री आवास योजना में संभावित गड़बड़ियों की जांच की मांग भी प्रमुख रूप से रखी।
इसके अलावा खेल मैदान की सुरक्षा, स्वच्छ भारत अभियान में खर्च हुई राशि की जांच और नगर परिषद द्वारा खरीदे गए फायर ब्रिगेड व अन्य वाहनों की जांच की मांग भी उठाई गई।
धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने एक स्वर में कहा कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई चाहिए।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई ठोस प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि इन गंभीर आरोपों पर क्या कदम उठाए जाते हैं और क्या नागरिकों को निष्पक्ष जांच मिल पाती है।
