Big Setback for Thalapathy Vijay, ‘Jana Nayagan’ Release Delayed Again as Censor Certificate Cancelled
नई दिल्ली। मद्रास हाई कोर्ट ने मंगलवार, 27 जनवरी को अभिनेता थलापति विजय की फिल्म ‘जना नायगन’ को जारी किया गया सेंसर सर्टिफिकेट रद कर दिया। यह फैसला चीफ जस्टिस एम. एम. श्रीवास्तव और जस्टिस जी. अरुल मुरुगन की फर्स्ट बेंच ने सुनाया।
कोर्ट ने सिंगल जज जस्टिस पी. टी. आशा के उस आदेश को निरस्त कर दिया, जिसमें फिल्म को सेंसर सर्टिफिकेट जारी करने के निर्देश दिए गए थे। जस्टिस आशा ने 9 जनवरी को ‘जना नायगन’ के प्रोड्यूसर KVN प्रोडक्शंस LLP की याचिका स्वीकार करते हुए सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) को तुरंत प्रमाणपत्र जारी करने को कहा था।
हाई कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि जस्टिस पी. टी. आशा को CBFC को काउंटर एफिडेविट दाखिल करने के लिए पर्याप्त समय देना चाहिए था। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि फिल्म के प्रोड्यूसर मामले के शीघ्र निपटारे के लिए सिंगल जज से संपर्क कर सकते हैं।
कोर्ट ने आगे कहा कि सिंगल जज इस बात पर निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र होंगे कि मामले को रिव्यू कमेटी के पास भेजने का फैसला सही है या नहीं।
फिल्म ‘जना नायगन’ को इस महीने की शुरुआत में पोंगल के मौके पर रिलीज किया जाना था, लेकिन सेंसर सर्टिफिकेट रद होने के बाद इसकी रिलीज एक बार फिर टल गई है।
बताया जा रहा है कि ‘जना नायगन’ सुपरस्टार विजय की आखिरी फिल्म हो सकती है, जिसके बाद वह पूरी तरह राजनीति में सक्रिय हो सकते हैं।
