Weather Change in Gurugram
गुरुग्राम। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते मंगलवार को गुरुग्राम के मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण दिन में ही अंधेरा सा माहौल बन गया, जिससे सड़कों पर दृश्यता कम हो गई। हालात ऐसे रहे कि वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।
मौसम के बदले मिजाज का असर यातायात पर भी पड़ा। मुख्य सड़कों और एक्सप्रेसवे पर वाहन धीमी रफ्तार से चलते नजर आए। ठंडी हवाओं और बारिश के कारण दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। अचानक बढ़ी ठंड से बचने के लिए कई लोगों ने गर्म कपड़े पहन लिए।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गए हैं, जिससे ठंड का असर बढ़ गया है।
विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों तक बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। बारिश के चलते वायु गुणवत्ता में सुधार की भी उम्मीद जताई गई है। लंबे समय से प्रदूषण की मार झेल रहे गुरुग्राम में हवा कुछ हद तक साफ होने के आसार हैं।
