Allegations of Coal Theft in SECL Gevra Mine, Youth Congress Submits Memorandum to Collector
SECL गेवरा खदान में कोयला चोरी का आरोप, युवा कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन,PNC इंफ्राटेक कंपनी के विरुद्ध FIR दर्ज करने की मांग,मिली भगत से चोरी
कोरबा। भारतीय युवा कांग्रेस, कोरबा (शहर एवं ग्रामीण) ने SECL की गेवरा ओपन कोल परियोजना के भठोरा फेस में हो रही कोयला चोरी को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने PNC इंफ्राटेक कंपनी के विरुद्ध FIR दर्ज कर कठोर कार्रवाई, ठेका निरस्त करने और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
जिलाध्यक्ष राकेश पंकज और विकास सिंह की ओर से 13 अप्रैल 2026 को दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि खदान के अंदर से लोडर के माध्यम से कोयला निकालकर ऊपर मैदान में खाली किया गया। इसके लिए बाकायदा खदान से मैदान तक रास्ता बनाया गया। बाद में उक्त कोयले को ट्रैक्टर में भरकर दिनदहाड़े अज्ञात व्यक्तियों द्वारा ले जाया गया।
युवा कांग्रेस का कहना है कि घटना के समय स्थल पर PNC इंफ्राटेक कंपनी के कर्मचारी और CISF के जवानों की मौजूदगी थी। इससे पूरे मामले में मिलीभगत की आशंका और गहरी हो जाती है। संगठन ने इसे संगठित अवैध गतिविधि और गोरखधंधा बताया है।
ज्ञापन में पांच सूत्रीय मांग की गई है। पहली, PNC इंफ्राटेक कंपनी के विरुद्ध तत्काल FIR दर्ज की जाए। दूसरी, भठोरा फेस में हुई कोयला चोरी की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। तीसरी, संलिप्त सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, CISF के संबंधित कर्मियों और बाहरी व्यक्तियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो। चौथी, PNC इंफ्राटेक का ठेका तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए। पांचवीं, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की जाए।
युवा कांग्रेस ने कहा कि त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था और जनता का विश्वास बना रहेगा। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्य महाप्रबंधक गेवरा एरिया, पुलिस अधीक्षक कोरबा और अनुविभागीय अधिकारी कोरबा को भी भेजी गई है।
गौरतलब है कि SECL की गेवरा खदान एशिया की सबसे बड़ी ओपन कास्ट परियोजनाओं में शामिल है। यहां से रोजाना हजारों टन कोयले का उत्पादन होता है। ऐसे में कोयला चोरी के आरोप गंभीर माने जा रहे हैं। प्रशासन ने ज्ञापन मिलने के बाद मामले की जांच की बात कही है। संगठन ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
