Violent Labor Protest Erupts in Noida with Vandalism and Arson
नोएडा: उत्तर प्रदेश के Noida में श्रमिकों का प्रदर्शन सोमवार को हिंसक झड़प में बदल गया। फेज-2 क्षेत्र में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर शुरू हुआ विरोध अचानक उग्र हो गया, जहां प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच जमकर टकराव देखने को मिला।
प्रदर्शन के दौरान गुस्साए मजदूरों ने पुलिस पर पथराव किया और कई जगह तोड़फोड़ की। हालात बिगड़ते देख पुलिस को भीड़ को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-84 स्थित मदरसन कंपनी से शुरू हुआ यह प्रदर्शन धीरे-धीरे पूरे जिले में फैल गया। कई इलाकों में श्रमिकों ने उग्र रूप धारण कर लिया, जहां वाहनों में आगजनी और पथराव की घटनाएं सामने आईं। पुलिस की कुछ गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
विरोध-प्रदर्शनों के चलते प्रशासन ने एहतियातन कुछ इलाकों में आवाजाही पर रोक लगा दी है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की है और उनकी मांगों पर विचार कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया है।
