Illegal Extortion at Amera Coal Mine Gate
लखनपुर: स्थित अमेरा कोयला खदान का गेट इन दिनों अवैध वसूली का अड्डा बनता जा रहा है। पार्किंग और एंट्री के नाम पर ट्रक चालकों से खुलेआम उगाही की जा रही है, जिससे वाहन चालकों में भारी नाराजगी है।
अमेरा कोयला खदान में रोजाना अलग-अलग कंपनियों के भारी वाहन कोयला लोडिंग के लिए पहुंचते हैं। इसी का फायदा उठाते हुए कुछ लोग रास्ते में अलग-अलग जगहों पर ट्रकों को रोककर पार्किंग और एंट्री के नाम पर अवैध वसूली कर रहे हैं।
बिहार से आए एक ट्रक चालक ने बताया कि मुख्य मार्ग से खदान गेट तक 3 से 4 जगहों पर उनसे जबरन ₹100-₹100 वसूले जाते हैं। वसूली के बदले जो पर्ची दी जाती है, उसमें न तो किसी जिम्मेदार व्यक्ति का नाम होता है और न ही कोई वैध जानकारी, केवल पंचायत का नाम लिखा होता है।
चालकों का कहना है कि अगर यही स्थिति बनी रही तो वे यहां से कोयला उठाव बंद करने को मजबूर हो जाएंगे।
वहीं, कुछ ड्राइवरों ने आरोप लगाया कि पैसे नहीं देने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है और जबरन वसूली की जाती है।
इस पूरे मामले को लेकर पहले भी खदान प्रबंधन द्वारा पुलिस को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
मीडियाकर्मियों के मौके पर पहुंचने पर वसूली कर रहे लोग कैमरा देखते ही मौके से भाग खड़े हुए। उनसे बातचीत की कोशिश की गई, लेकिन वे अचानक गायब हो गए।
मीडिया के हस्तक्षेप के बाद कुछ समय के लिए ट्रक चालकों को राहत जरूर मिली, लेकिन पूरे रास्ते में अवैध वसूली का खेल अब भी जारी है।
इस मामले ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं और तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
