Honorarium of Shiksha Mitras Increased to ₹18,000
उत्तर प्रदेश: सरकार ने शिक्षामित्रों के मानदेय में बढ़ोतरी को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। अब तक शिक्षामित्रों को प्रति माह 10,000 रुपये मानदेय मिलता था, जिसे बढ़ाकर 18,000 रुपये कर दिया गया है।
सरकार के इस निर्णय के अनुसार, बढ़ा हुआ मानदेय अप्रैल माह से ही लागू होगा। यानी शिक्षामित्रों के खातों में बढ़ी हुई राशि का भुगतान मई महीने से किया जाएगा।
कैबिनेट बैठक में कुल 22 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, जिनमें अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि भी शामिल है। उनका मानदेय 9,000 रुपये से बढ़ाकर 17,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है।
बैठक के बाद बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शिक्षामित्रों और अनुदेशकों दोनों को बढ़ा हुआ मानदेय अप्रैल से मिलेगा।
शिक्षा मंत्री ने यह भी बताया कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में दूसरी बार शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि की है। इससे पहले वर्ष 2017 में मानदेय 3,500 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये प्रतिमाह किया गया था। अब इसे बढ़ाकर 18,000 रुपये कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही इस बढ़ोतरी की घोषणा कर चुके थे, जिस पर अब कैबिनेट की औपचारिक मुहर लग गई है।
