Girl Jumps Into River, Rescued in Time by Divers
मंदसौर। जिले के बसई नदी पुल पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवती ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। घटना ने मौके पर मौजूद लोगों को स्तब्ध कर दिया, लेकिन राहत की बात यह रही कि गोताखोरों की सूझबूझ से समय रहते उसकी जान बचा ली गई।
मिली जानकारी के अनुसार, युवती की पहचान अनीता, पिता विष्णु दास बैरागी, निवासी ग्राम चाहखेड़ी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनीता पुल पर एक युवक के साथ खड़ी थी और दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो रही थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवती ने अचानक नदी में छलांग लगा दी।
घटना के बाद युवक घबरा गया और मौके से फरार हो गया। वहीं, संयोग से बसई कहार भोई समाज की गोताखोर टीम घटनास्थल के पास ही मौजूद थी। युवती के पानी में गिरते ही टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू शुरू किया और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटनास्थल से युवती की स्कूटी और मोबाइल लावारिस हालत में मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
