Girl Assaulted Publicly in Bilaspur, Incident Caught on CCTV
बिलासपुर (छत्तीसगढ़): न्यायधानी बिलासपुर में एक युवती के साथ सार्वजनिक रूप से मारपीट का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। यह घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है, जहां होटल के बाहर एक युवक ने युवती पर हमला कर दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, कोरबा की रहने वाली युवती बिलासपुर में हॉस्टल में रहकर एलएलबी फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रही है। 31 मार्च को वह एक परिचित युवक के साथ होटल में ठहरी हुई थी। इसी दौरान उसका पुराना परिचित विवेक खटिक वहां पहुंच गया और किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर युवती के साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि होटल में रुकने को लेकर ही यह विवाद हुआ था।
घटना के बाद पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
