Tragic Road Accident in Panna: Bike Crashes into Tractor-Trolley, 16-Year-Old Killed
पन्ना, मध्य प्रदेश: Panna जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इस हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मडला निवासी लोकेश उर्फ लक्कू गोंड अपने दो दोस्तों के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था। बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे चालक सड़क किनारे खड़ी लोहे की पाइपों और टीन से लोड ट्रैक्टर-ट्रॉली को देख नहीं पाया। बाइक सीधे ट्रॉली के पिछले हिस्से में जा घुसी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली में रखे टीन और लोहे के पाइप लोकेश के सिर में घुस गए, जिससे उसका सिर बुरी तरह फट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हैरानी की बात यह रही कि हादसे के बाद उसके साथ मौजूद दोस्त उमेश और सुरजीत घायल साथी की मदद करने के बजाय मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार दोनों दोस्तों की तलाश जारी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
