Woman Dies After Dog Bite in Noida, Suffers Heart Attack During Treatmen
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में आवारा कुत्तों का खतरा लगातार बना हुआ है। प्रशासन की कोशिशों के बावजूद डॉग बाइट के मामले कम नहीं हो रहे हैं। शहर की सोसाइटियों से लेकर गांवों तक, हर जगह कुत्तों के हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं।
ऐसा ही एक मामला ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-2 से सामने आया है, जहां कुत्ते के हमले में घायल एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला को हार्ट अटैक आया, जिससे उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
जानकारी के अनुसार, डॉक्टर मनीष की मां 6 मार्च को पार्क में टहलने गई थीं। इसी दौरान एक आवारा कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। महिला ने बचने की कोशिश की, लेकिन कुत्ते ने उनके पैरों पर कई जगह काट लिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज शुरू हुआ। बाद में डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें घर भेज दिया गया। हालांकि, हमले के बाद से ही महिला को लगातार बुखार और कमजोरी की शिकायत बनी हुई थी।
परिजनों के अनुसार, उनका इलाज जारी था और उन्हें इंजेक्शन भी दिए जा रहे थे, लेकिन डॉग बाइट के बाद लगने वाले दो जरूरी इंजेक्शन अभी नहीं लग पाए थे। इनमें से एक 20 मार्च और दूसरा 3 अप्रैल को लगना था।
बताया गया कि 16 मार्च की रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी। परिजनों ने तुरंत सीपीआर दिया, लेकिन हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन आखिरकार उनकी मौत हो गई।
मृतका के बेटे ने इस घटना के लिए आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने स्थानीय प्राधिकरण पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
