Indore Fire Tragedy: 8 Dead as Blaze Erupts During EV Charging, Cylinders Explode
नई दिल्ली/इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में एक दर्दनाक हादसे में आठ लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। यह घटना बृजेश्वरी एनेक्स नामक रिहायशी इलाके में हुई, जहां एक घर में अचानक भीषण आग लग गई।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घर के बाहर एक इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज किया जा रहा था। इसी दौरान चार्जिंग प्वाइंट पर विस्फोट हुआ, जिससे आग लग गई और देखते ही देखते आग वाहन से घर के अंदर फैल गई।
इंदौर के पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के अनुसार, घर के भीतर 10 से अधिक गैस सिलेंडर रखे हुए थे। आग लगने के बाद इनमें से कई सिलेंडरों में धमाके हुए, जिससे आग और भी भयानक हो गई। इस हादसे में आठ लोगों की जान चली गई, जबकि तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यह मकान मनोज पुगलिया का बताया जा रहा है, जो पॉलीमर के कारोबार से जुड़े थे। घर में कुछ ज्वलनशील केमिकल भी रखे हुए थे, जिसने आग को और तेजी से फैलने में मदद की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह अचानक चीख-पुकार सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकले तो देखा कि मकान आग की लपटों में घिरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी और खुद भी पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग पूरे घर में फैल चुकी थी। इस भीषण हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
