उत्तर प्रदेश के नोएडा में पानी में डूबकर इंजीनियर की मौत के मामले पर हंगामा मचा हुआ है। शहर के सेक्टर-150 में निर्माणाधीन बेसमेंट में भरे पानी में डूबकर इंजीनियर युवराज की मौत हो गई थी। मामले के सामने आने के बाद प्रशासन लगातार एक्शन में है और कार्रवाई का दौर जारी है। इस बीच अब कांग्रेस पार्टी के सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी इस घटना को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। राहुल गांधी ने कहा है कि देश में कोई जवाबदेही नहीं है।
कोई जवाबदेही नहीं है- राहुल गांधी
नोएडा में हुई दर्दनाक घटना पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा- “सड़कें जान लेती हैं, पुल जान लेते हैं, आग जान लेती है, पानी जान लेता है, प्रदूषण जान लेता है, भ्रष्टाचार जान लेता है, लापरवाही जान लेती है। भारत में शहरों का पतन पैसे, टेक्नोलॉजी या समाधानों की कमी के कारण नहीं है। यह जवाबदेही की कमी के कारण है। TINA: कोई जवाबदेही नहीं है।”
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
नोएडा सेक्टर-150 में निर्माणाधीन बेसमेंट में भरे पानी में डूबकर इंजीनियर युवराज की मौत के मामले पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है। मामले की जांच के लिए ADG मेरठ जोन के नेतृत्व में तीन सदस्यीय SIT का गठन किया गया जो 5 दिनों में अपनी जांच रिपोर्ट सीएम को सौंपेगी। दूसरी ओर नोएडा अथॉरिटी के CEO लोकेश M को हटाया गया है। इससे पहले नोएडा ट्रैफिक सेल के जूनियर इंजीनियर नवीन कुमार को भी बर्ख़ास्त किया जा चुका है। साथ ही 2 बिल्डर्स के खिलाफ भी केस दर्ज कर के संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है।
