Trump Claims Iran Supreme Leader Khamenei Killed in Attack; Iran Denies Reports
वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट साझा करते हुए यह दावा किया और खामेनेई को इतिहास के सबसे खतरनाक लोगों में से एक बताया।
ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC), सेना और सुरक्षा एजेंसियों के कुछ सदस्य अमेरिका से इम्यूनिटी की मांग कर रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस ऑपरेशन को इजरायल के साथ मिलकर अंजाम दिया गया और कार्रवाई तब तक जारी रहेगी, जब तक तय उद्देश्य पूरा नहीं हो जाता।
हालांकि, ईरान ने खामेनेई की मौत से जुड़ी खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है। ईरानी समाचार एजेंसियों तस्नीम और मेहर ने इन रिपोर्टों को गलत और भ्रामक बताया है। अब तक खामेनेई की मौत को लेकर कोई आधिकारिक या सार्वजनिक प्रमाण सामने नहीं आया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक इजरायली अधिकारी ने दावा किया कि तेहरान स्थित एक कंपाउंड पर ‘ऑपरेशन रोरिंग लॉयन’ के तहत हमला किया गया था, जहां खामेनेई मौजूद थे। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय समुदाय स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
