PM Modi Israel Visit: Signals of Major Defence Cooperation and Strategic Partnership Expansion
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर इजराइल के लिए रवाना हो गए हैं। 25 से 26 फरवरी तक होने वाली इस यात्रा को भारत-इजराइल संबंधों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर हो रही यह प्रधानमंत्री मोदी की दूसरी आधिकारिक यात्रा है, जिसमें रक्षा सहयोग समेत कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर चर्चा होने की संभावना है।
रणनीतिक साझेदारी को मिलेगा नया विस्तार
दौरे से पहले जारी बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और इजराइल के बीच मजबूत रणनीतिक साझेदारी है, जिसने हाल के वर्षों में तेजी से प्रगति की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करेगी तथा भविष्य के सहयोग के नए लक्ष्य तय करेगी।
रक्षा, तकनीक और कृषि समेत कई क्षेत्रों पर चर्चा
प्रधानमंत्री ने बताया कि उनकी इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ होने वाली वार्ता में रक्षा और सुरक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार, कृषि, जल प्रबंधन, व्यापार और निवेश जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। इसके अलावा क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा।
राष्ट्रपति हर्जोग से मुलाकात और नेसेट को संबोधन
अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे। साथ ही उन्हें इजरायली संसद ‘नेसेट’ को संबोधित करने का अवसर मिलेगा, जो दोनों देशों के लोकतांत्रिक और संसदीय संबंधों को मजबूत करने का प्रतीक माना जा रहा है।
भारतीय समुदाय से भी करेंगे संवाद
प्रधानमंत्री मोदी इजराइल में बसे भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे और दोनों देशों के बीच लोगों से लोगों के संबंधों को मजबूत करने पर जोर देंगे।
9 साल बाद इजराइल की यात्रा
करीब नौ वर्षों बाद प्रधानमंत्री मोदी इजराइल के राजकीय दौरे पर जा रहे हैं। स्थानीय समयानुसार दोपहर 12:45 बजे उनके इजराइल पहुंचने पर प्रधानमंत्री नेतन्याहू स्वयं उनका स्वागत करेंगे। इस दौरे को रक्षा सहयोग और संभावित नई डिफेंस डील के संकेतों के रूप में भी देखा जा रहा है।
