Man dies after falling from scooter, declared dead at MMG Hospital
गाज़ियाबाद। थाना सिहानीगेट क्षेत्र के पटेल नगर स्थित रॉयल ग्रीन होटल के सामने एक अज्ञात व्यक्ति स्कूटी समेत सड़क किनारे गिरा हुआ मिला। राहगीरों की सूचना पर उसे तत्काल एमएमजी अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। चौकी इंचार्ज पटेल नगर उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, उपनिरीक्षक हर्षित जैसवार तथा हेड कांस्टेबल सचिन कुमार मौके पर मौजूद मिले। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोहन नगर की ओर से आ रहे रितेश घोष नामक व्यक्ति ने सड़क किनारे स्कूटी नंबर UP14 DM 6113 पड़ी देखी, जिसकी लाइट जल रही थी।
पास जाकर देखने पर एक व्यक्ति गिरा हुआ मिला। अन्य राहगीरों की मदद से उसे उठाकर अस्पताल भेजा गया और डायल-112 पर सूचना दी गई।एमएमजी अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। स्कूटी के पंजीकरण विवरण के आधार पर मृतक की पहचान शंकर लाल गर्ग (48 वर्ष) पुत्र स्व. जितेंद्र कुमार, निवासी मकान नंबर 143, पक्की मोरी, डासना गेट, थाना कोतवाली गाजियाबाद के रूप में हुई। पहचान की पुष्टि उनके बड़े भाई योगेश गर्ग ने की।
परिजनों के अनुसार, शंकर लाल गर्ग प्रतिदिन दुकान बंद करने के बाद कूड़ा फेंकने और श्री केशरी माता मंदिर में पूजा करने जाते थे। घटना के समय भी वे इसी क्रम में निकले थे।घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। मौके पर एसीपी नंदगांव और नगर निगम के अधिकारी भी पहुंचे। अधिकारियों के निर्देश पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
जांच में किसी अन्य वाहन से टक्कर के स्पष्ट संकेत नहीं मिले। स्कूटी के परीक्षण में भी दुर्घटना के चिन्ह नहीं पाए गए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि स्कूटी पर रखी प्लास्टिक की बाल्टी के कारण वाहन असंतुलित होकर गिर गया होगा। पुलिस द्वारा शव का पंचनामा भरकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर कानून-व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।
